24 घंटे में दूसरी घटना: कोयला चोरी के दौरान नाबालिग करंट की चपेट में, हालत गंभीर
कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में कोयला चोरी के दौरान एक नाबालिग के करंट की चपेट में आने का मामला सामने आया है। घटना ढोढ़ीपारा इलाके की है, जहां सोमवार दोपहर 14 वर्षीय बालक अपने साथियों के साथ मालगाड़ी से कोयला चोरी करने की कोशिश कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक बालक ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर चलती मालगाड़ी का हाउस पाइप निकाल दिया, जिससे ट्रेन धीमी होकर रुक गई। इसके बाद वह कोयला निकालने के लिए डिब्बे पर चढ़ गया। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन इलेक्ट्रिक लाइन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया।
करंट लगने के बाद बालक डिब्बे पर ही गिर पड़ा। उसके साथ मौजूद बच्चों ने आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे नीचे उतारकर निजी वाहन से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज जारी है और हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि कोयले से भरी यह मालगाड़ी टीपी नगर से बालको पावर प्लांट की ओर जा रही थी।
गौरतलब है कि मालगाड़ी से कोयला चोरी के दौरान करंट लगने की यह 24 घंटे के भीतर दूसरी घटना है। इससे पहले रविवार को उरगा थाना क्षेत्र के पहंदा के पास भी इसी तरह की घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था।