कोरबा में फिर दर्दनाक हादसा: स्कॉर्पियो-ट्रेलर की टक्कर में एक की मौत, दो की हालत गंभीर

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उरगा थाना क्षेत्र के तरदा भारतमाला मार्ग पर स्कॉर्पियो और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की टक्कर से हुआ।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो में सवार लोग वाहन में ही फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीम ने गैस कटर की मदद से घायलों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान 27 वर्षीय अरुण कुमार यादव के रूप में हुई है, जो झारखंड के गढ़वा जिले का रहने वाला था। वह पिछले दो वर्षों से रायपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत था। घायलों में 26 वर्षीय चंद्र प्रकाश यादव (रायपुर निवासी) और 30 वर्षीय नागेंद्र साहू (धमतरी निवासी) शामिल हैं। दोनों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीनों कर्मचारी कंपनी के काम से दो डंपर को रायपुर से कोरबा शिफ्ट करने जा रहे थे। इसी दौरान तरदा के पास यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतक के परिजन झारखंड से कोरबा के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Share This Article