आपत्तिजनक हालत में मिले महिला और युवक, बस्ती के लोगों ने मचाया हंगामा, थाने में शिकायत दर्ज

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रिसदा बस्ती में गुरुवार को एक महिला और युवक को कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में देखे जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई। हंगामे के दौरान युवक अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत पुलिस से कर कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों के अनुसार महिला अपने बच्चे के साथ बस्ती में रहती है, जबकि उसका पति मजदूरी के सिलसिले में अक्सर बाहर रहता है। बस्तीवासियों का आरोप है कि युवक का महिला के घर आना-जाना लंबे समय से था, जिसे लेकर पहले भी कई बार आपत्ति जताई गई थी।

बताया जा रहा है कि गुरुवार को युवक बाइक से महिला के घर पहुंचा था। कुछ समय बाद स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद कुछ लोग मौके पर पहुंचे। इसी दौरान हंगामा शुरू हो गया और युवक मौके से भाग निकला। भागते समय वह अपनी बाइक वहीं छोड़ गया, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

घटना के बाद बड़ी संख्या में बस्तीवासी थाने पहुंचे और महिला व फरार युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है, इसलिए पुलिस को जल्द सख्त कदम उठाना चाहिए।

मामले में पुलिस ने बस्तीवासियों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मौके से बरामद बाइक के नंबर के आधार पर युवक की पहचान की जा रही है और उसकी तलाश जारी है। 

 

Share This Article