कोरबा में तेज आंधी बनी काल: बारिश से बचने पेड़ के नीचे रुके तीन दोस्तों की डाल गिरने से मौत

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में शनिवार शाम तेज आंधी-तूफान के दौरान एक हृदयविदारक हादसा हो गया। बारिश और तेज हवाओं से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े तीन युवकों पर अचानक भारी डाल गिर गई, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार शनिवार को सुबह से ही जिले में मौसम खराब बना हुआ था। कई क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान का असर देखने को मिला। शाम करीब 5 बजे पाली क्षेत्र के चोरका दांड गांव में भी तेज हवाओं और बारिश का दौर शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि गांव के रहने वाले शिवराम टेकाम (14 वर्ष), दिनेश तिर्की (17 वर्ष) और कमलेश बड़ा (18 वर्ष) कहीं से लौट रहे थे। अचानक मौसम बिगड़ने पर तीनों बारिश से बचने के लिए एक बड़े पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान तेज आंधी के कारण पेड़ की एक विशाल डाल टूटकर सीधे उनके ऊपर आ गिरी जहाँ तीनों युवक डाल के नीचे दब गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीणों ने मिलकर डाल हटाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक तीनों की जान जा चुकी थी।

एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर से चोरका दांड गांव में मातम छा गया है। मृतक आपस में घनिष्ठ मित्र बताए जा रहे हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही पाली पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी नागेश तिवाती ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Share This Article