कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने युवती को शादी का भरोसा देकर करीब सात महीने तक अपने साथ रखा इस दौरान दोनों पति-पत्नी की तरह रहे। युवती के गर्भवती होने के बाद आरोपी ने उसे मायके भेज दिया और बाद में दूसरी युवती से शादी कर ली। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय कृष्णा खन्ना के रूप में हुई है जो उरगा थाना क्षेत्र के खोडल गांव का निवासी और पेशे से ड्राइवर है। बताया गया कि दोनों की मुलाकात एक मंदिर में दर्शन के दौरान हुई थी। मुलाकात के बाद बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।
पीड़िता का आरोप है कि कृष्णा खन्ना ने उससे शादी करने का वादा किया और उसे अपने घर में साथ रखने लगा। करीब सात महीने तक दोनों एक साथ रहे। इसी दौरान आरोपी ने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए जिससे वह गर्भवती हो गई। युवती का कहना है कि जब उसकी गर्भावस्था पांच महीने की हो गई, तब आरोपी ने आराम करने का हवाला देकर उसे मायके भेज दिया। कुछ समय बाद उसे पता चला कि कृष्णा खन्ना ने दूसरी युवती से शादी कर ली है।
दूसरी शादी की जानकारी मिलने पर पहुंची थाने
आरोपी की दूसरी शादी की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता उसके घर पहुंची। वहां आरोपी और उसकी नई पत्नी के साथ विवाद की स्थिति बनी। इसके बाद युवती ने उरगा थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बालको थाना क्षेत्र में भी शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का एक अन्य मामला दर्ज किया गया है। उस मामले में भी आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और दोनों मामलों की विस्तृत जांच की जा रही है।
