कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में चरित्र संदेह के चलते एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने घायल पत्नी को अस्पताल पहुंचाने के बजाय खाट पर चादर ढककर छोड़ दिया। सुबह परिजनों ने महिला को मृत अवस्था में देखा जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार यह मामला लेमरू थाना क्षेत्र के मुड़ापार अरसेना गांव का है। मंगलवार तड़के करीब 4 बजे पति-पत्नी के बीच चरित्र संदेह को लेकर विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि आरोपी बिहानू सिंह मंझवार (45 वर्ष) अपनी पत्नी बिरसो बाई (45 वर्ष) के चरित्र पर शक करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे।
मंगलवार सुबह भी विवाद बढ़ गया जिसके बाद आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसने हाथ-मुक्कों और डंडे से महिला की जमकर पिटाई की जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बावजूद आरोपी ने उसे इलाज के लिए अस्पताल नहीं पहुंचाया और खाट पर लिटाकर चादर ढक दिया। करीब दो घंटे बाद जब बिरसो बाई नहीं उठी तो परिजनों को शक हुआ। उन्होंने जाकर देखा तो महिला की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी गांव के सरपंच ने पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही लेमरू थाना प्रभारी सुमन पोया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी पति बिहानू सिंह मंझवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
