कोरबा में रेत खनन पर सख्ती: उड़नदस्ता दल ने 1 चैन माउंटेन मशीन और 3 ट्रैक्टर किया जब्त, 15 अक्टूबर तक रेत खनन रहेगा बंद

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में 10 जून से 15 अक्टूबर तक नदियों से रेत उत्खनन पर लागू प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए खनिज विभाग ने विशेष अभियान चलाया। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर गठित दो खनिज उड़नदस्ता दलों ने विभिन्न रेत घाटों का औचक निरीक्षण कर प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित कराया।

निरीक्षण के दौरान जोगीपाली, तरदा, कुदुरमाल, कटबितला, भैंसामुड़ा, गितारी, बगदर, चिचोली, भिलाई खुर्द, चुईया, कछार, घमोटा, धवईपुर, चारपारा और कुदमुरा सहित कई वैध रेत घाटों में संचालकों को 15 अक्टूबर तक रेत निकासी नहीं करने के निर्देश दिए गए।

कार्रवाई के दौरान कुदमुरा रेत घाट में प्रतिबंध के बावजूद उत्खनन करते पाए जाने पर 1 चैन माउंटेन मशीन को जब्त कर सील किया गया। वहीं भिलाई खुर्द क्षेत्र में अवैध रूप से ईंट परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को जब्त कर सिटी कोतवाली थाना के सुपुर्द किया गया। इसके अलावा डिंगापुर में ईंट और मिट्टी के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त दो ट्रैक्टरों को जब्त कर रामपुर थाना अभिरक्षा में रखा गया।

खनिज विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य मानसून अवधि में नदियों से रेत उत्खनन पर प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित करना, अवैध खनन पर नियंत्रण स्थापित करना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना और शासकीय राजस्व को होने वाली क्षति रोकना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन और परिवहन में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article