कोरबा: सड़क सुरक्षा कार्यों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, ओवरस्पीडिंग और ड्रंक ड्राइविंग पर कड़ी निगरानी

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी। उन्होंने दुर्घटना संभावित एवं चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षा सुधार कार्य कराने, सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई, अतिक्रमण हटाने, रोड शोल्डर की मरम्मत, रिफ्लेक्टिव संकेतक बोर्ड, रंबल स्ट्रिप, स्पीड ब्रेकर और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग के तीव्र मोड़ों और दुर्घटना संभावित स्थलों पर क्रैश बैरियर, रोड शोल्डर और रंबल स्ट्रिप लगाने का कार्य जल्द पूरा करने पर भी जोर दिया गया।

पीडब्ल्यूडी को नोटिस जारी करने के निर्देश

भैंसमा स्कूल से सक्ती मोड़, बालको ऐश डेक रोड, रिस्दी ब्रिज-बजरंग चौक मार्ग, दीपका-झाबर रोड और दीपका थाना चौक सहित कई स्थानों पर सड़क सुरक्षा एवं सुधार कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को नोटिस जारी करने और सभी लंबित कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

ओवरस्पीड और नशे में वाहन चलाने वालों पर विशेष अभियान

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों, ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर भी सख्ती बरतने को कहा।

स्कूल-कॉलेजों में चलेगा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान

कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को प्रत्येक सप्ताह स्कूलों और कॉलेजों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। एनसीसी, स्काउट-गाइड और विद्यार्थियों की सहभागिता से हेलमेट रैली, नुक्कड़ नाटक, निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित करने, वार्षिक गतिविधि कैलेंडर तैयार करने और सड़क सुरक्षा बुकलेट वितरित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग को पीएम राहत योजना और राहवीर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा संबंधित कर्मचारियों के प्रशिक्षण के भी निर्देश दिए गए। बैठक में नगर निगम, जिला पंचायत, परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, एसईसीएल, बालको सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article