जंगल में पुटू तोड़ने गए युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई बिच्छू के डंक की आशंका

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खेतार में जंगल से पुटु (मशरूम) तोड़ने गए एक 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का दावा है कि युवक को जंगल में किसी जहरीले जीव, संभवतः बिच्छू ने डंक मार दिया था। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

जानकारी के अनुसार करतला क्षेत्र के रामपुर निवासी नंदलाल मंझवार (32 वर्ष) अपनी पत्नी के साथ ससुराल ग्राम खेतार आए हुए थे। मंगलवार दोपहर बारिश थमने के बाद दोनों जंगल में पुटु (मशरूम) तोड़ने गए। इसी दौरान नंदलाल ने पत्नी को बताया कि उन्हें किसी जहरीले जीव ने डंक मार दिया है।

घर लौटने के बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजनों के मुताबिक, अस्पताल ले जाने के बजाय गांव के बैगा से झाड़-फूंक कराई गई। देर शाम उनकी हालत और गंभीर हो गई और उपचार मिलने से पहले ही उनकी मौत हो गई।

बिजली और मोबाइल नेटवर्क नहीं होने से बढ़ी परेशानी

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित थी। बिजली नहीं होने के कारण मोबाइल फोन भी बंद पड़े थे, जिससे परिजन डायल-112 या एंबुलेंस सेवा से संपर्क नहीं कर सके। मजबूरी में उन्होंने पारंपरिक झाड़-फूंक का सहारा लिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा

घटना की सूचना मिलने पर बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत बिच्छू के डंक से हुई या किसी अन्य कारण से।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दूरस्थ क्षेत्रों में बिजली, मोबाइल नेटवर्क और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की मांग की है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सके और उन्हें अंधविश्वास का सहारा न लेना पड़े।

Share This Article