कोरबा: टोनही बताकर बुजुर्ग महिला को किया प्रताड़ित, देवरानी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के भांटापारा कुदुरमाल में टोनही प्रताड़ना का गंभीर मामला सामने आया है। 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को जादू-टोना करने का आरोप लगाकर वर्षों तक मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पीड़िता की देवरानी, उसकी पुत्री और पुत्र शामिल हैं। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार कुदुरमाल वार्ड क्रमांक-4 निवासी सत्यभामा वैष्णव (65) ने उरगा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी देवरानी लक्ष्मीन वैष्णव उर्फ लक्ष्मी (45), उसकी पुत्री चंचल वैष्णव (21) और पुत्र किशन वैष्णव उर्फ गोलू (26) लंबे समय से उन्हें लगातार प्रताड़ित कर रहे थे।

शिकायत में कहा गया है कि आरोपी रोजाना उनके घर के सामने आकर गाली-गलौज करते थे और उन्हें “टोना-टोटका करने वाली” बताकर पूरे मोहल्ले में बदनाम करते थे। इतना ही नहीं, उनके दिवंगत पति को लेकर भी अपमानजनक टिप्पणियां की जाती थीं। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने कई बार उन्हें घर से बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

पीड़िता ने बताया कि घर में किसी भी प्रकार की खराबी, जैसे कूलर जल जाना या अन्य सामान खराब होना, उसका जिम्मेदार भी उन्हें ही ठहराया जाता था। लगातार मानसिक और सामाजिक उत्पीड़न के कारण वह और उनका बेटा भय के माहौल में जीवनयापन करने को मजबूर थे।

शिकायत के आधार पर उरगा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 3(5) तथा टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धारा 4 एवं 5 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article