कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: सड़क सुरक्षा को लेकर कोरबा पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। “सजग कोरबा, सुरक्षित कोरबा” अभियान के तहत जिलेभर में चलाए गए विशेष जांच अभियान में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 24 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। सभी आरोपियों पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उनके वाहन जब्त कर लिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान पकड़े गए वाहनों में 17 दोपहिया और 7 चारपहिया वाहन शामिल हैं। जब्त किए गए सभी 24 वाहनों को नियमानुसार माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में यह अभियान जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह लगातार विशेष अभियान जारी रहेगा।
पुलिस की अपील:
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब के नशे में वाहन चलाने से बचें, यातायात नियमों का पालन करें और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
