कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर कोरबा पुलिस ने “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत दो दिवसीय विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने जिले के प्रमुख चौक-चौराहों, मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की जांच की। पुलिस टीमों ने ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन दस्तावेज, हेलमेट, सीट बेल्ट, नंबर प्लेट और मॉडिफाइड वाहनों की जांच की।
चेकिंग में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 60 वाहन चालक पकड़े गए, जिनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। वहीं 5 नाबालिग वाहन चालकों के परिजनों पर चालानी कार्रवाई की गई।
इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले 8 मॉडिफाइड वाहनों और नो पार्किंग में खड़े 27 वाहनों पर भी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को सुरक्षित वाहन चलाने के प्रति जागरूक करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
