कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के साडा कॉलोनी स्थित नगर निगम कॉलोनी में मंगलवार को एक युवक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान ओमप्रकाश महंत (34) के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ साडा कॉलोनी में रहते थे। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। मृतक के छोटे भाई रवि महंत ने बताया कि उन्हें उनकी भाभी का फोन आया था। सूचना मिलते ही वह घर पहुंचे, जहां ओमप्रकाश फंदे पर लटके मिले। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
परिजनों के अनुसार, ओमप्रकाश पहले बालको में कार्यरत थे। नौकरी छूटने के बाद वह लंबे समय से बेरोजगार थे और आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। परिवार का कहना है कि काम नहीं मिलने और आर्थिक दबाव के कारण वह मानसिक तनाव में थे। रवि ने बताया कि जरूरत पड़ने पर वह अपने भाई की आर्थिक मदद भी करते थे। परिवार को आशंका है कि इसी तनाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और परिजनों के बयान दर्ज किए। प्रारंभिक जांच में बेरोजगारी और आर्थिक तंगी के चलते मानसिक तनाव की बात सामने आई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आत्महत्या के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं था।
