कोरबा: 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, पत्नी बताने वाली महिला अस्पताल से लापता, जांच में जुटी पुलिस….

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के कटघोरा में प्रयागराज निवासी 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक को कथित रूप से जहर सेवन की हालत में अस्पताल लाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले को और रहस्यमय तब बना दिया, जब खुद को मृतक की पत्नी बताने वाली एक महिला अस्पताल से अचानक गायब हो गई। वहीं, युवक का मोबाइल फोन, आधार कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज भी नहीं मिले हैं।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अभिषेक कुमार गौड़ (22 वर्ष) निवासी प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह पिछले दो वर्षों से बिलासपुर स्थित एक शीशा फैक्ट्री में मजदूरी कर रहा था। मंगलवार (14 जुलाई) दोपहर उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे जहर सेवन की आशंका में कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मौत की सूचना मिलते ही एक महिला अस्पताल पहुंची और खुद को अभिषेक की पत्नी बताते हुए दावा किया कि उनके दो बच्चे हैं। पुलिस ने उससे शुरुआती पूछताछ की, लेकिन कुछ देर बाद वह अस्पताल से चली गई और फिर वापस नहीं लौटी। इसके बाद उसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस को मृतक की जेब से केवल 401 रुपये नकद और कुछ कागजात मिले। एक कागज पर लिखे मोबाइल नंबर के आधार पर प्रयागराज में रहने वाले उसके पिता नीरज कुमार गौड़ को घटना की सूचना दी गई। परिजनों के अस्पताल पहुंचने पर उन्होंने बताया कि अभिषेक ने शादी होने की जानकारी दी थी, लेकिन परिवार को उसकी पत्नी या वैवाहिक जीवन के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी।

मृतक के पास से मोबाइल फोन, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य दस्तावेज नहीं मिलने से मामला और संदिग्ध हो गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

इधर अभिषेक के पिता और अन्य परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। उनका कहना है कि केवल जहर सेवन की बात मान लेना पर्याप्त नहीं है और इसके पीछे किसी साजिश या अन्य कारण की भी जांच होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share This Article