कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र स्थित SECL सुभाष ब्लॉक कॉलोनी में 29 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक अपने घर के कमरे में गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ मिला था। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत बिगड़ने पर निजी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान अंकित सोनवानी (29) के रूप में हुई है। वह SECL कर्मी हीरा लाल सोनवानी और SECL के चिकित्सा विभाग में कार्यरत कुमुदनी सोनवानी का बड़ा बेटा था। अंकित विवाहित था और उसका एक छोटा बच्चा भी है।
परिजनों के अनुसार, बुधवार को अंकित शराब के नशे में घर लौटा और सीधे अपने कमरे में चला गया, जहां उसकी पत्नी मौजूद थी। कुछ देर बाद अचानक उसके गिरने की आवाज आई। बताया जा रहा है कि गिरने के दौरान उसके पैर में कोई नुकीली वस्तु घुस गई, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल SECL अस्पताल ले गए।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए निजी अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
मृतक के छोटे भाई आशीष सोनवानी ने बताया कि घटना के समय उनके माता-पिता दोनों ड्यूटी पर थे। पिता कुसमुंडा खदान में कार्यरत थे, जबकि मां SECL के चिकित्सा विभाग में अपनी ड्यूटी पर थीं। घर लौटने के बाद उन्हें इस घटना की जानकारी मिली।
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर मर्ग कायम किया है और परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। फिलहाल युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
