गेवरा माइंस लूटकांड: CISF जवान से मारपीट कर मोबाइल लूटने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, फरार आरोपियों की तलाश जारी…

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल गेवरा माइंस के बैकअप ऑफिस में हुई लूटपाट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले के चार अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस के अनुसार घटना 7 जुलाई की रात करीब 11 बजे की है। 10 से 12 नकाबपोश बदमाश एसईसीएल के बैकअप ऑफिस में घुस आए। बदमाशों ने ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारी जगन्नाथ पटेल से मारपीट कर उनका मोबाइल फोन लूट लिया। इसके बाद कार्यालय में रखा तांबे का केबल वायर भी अपने साथ ले गए।

वारदात के दौरान ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ जवान मिथुन एम ने बदमाशों का विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और उनका सैमसंग एस-22 मोबाइल छीनकर फरार हो गए।

घटना के बाद दीपका थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने अरुण चौहान उर्फ ददू (23), निवासी ग्राम रालिया, सरजू प्रसाद चौहान (39) और रोहित यादव (18) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में तीनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर तांबे के केबल बेचकर प्राप्त नकदी सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इस लूटकांड में रोशन यादव, भानु विश्वकर्मा, किरण चौहान और भागवत कुशरे भी शामिल थे। चारों आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

दीपका पुलिस ने बताया कि लूटे गए दोनों मोबाइल फोन की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की भी संभावना है।

Share This Article