हथियार लेकर दहशत फैलाने वाला युवक चढ़ा पुलिस के हत्थे 

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत हथियार लेकर सार्वजनिक स्थानों पर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मानिकपुर चौकी पुलिस ने तलवार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार 19 जुलाई को सूचना मिली कि मुड़ापार मुस्लिम बस्ती निवासी प्रेम कुमार साहू (19 वर्ष) अपने घर के सामने हाथ में धारदार तलवार लेकर लोगों को धमका रहा है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक धारदार लोहे की तलवार बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 641/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 एवं 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जिला जेल कोरबा भेज दिया गया।

4-5 दिनों में तीसरी बड़ी कार्रवाई

कोरबा पुलिस ने बताया कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पिछले चार से पांच दिनों में आर्म्स एक्ट के तहत यह लगातार तीसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले भी कोतवाली थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लेकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

पुलिस का सख्त संदेश

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने, दादागिरी करने और आम लोगों में भय का माहौल बनाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे तत्वों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे।

Share This Article