कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से एक बाल विवाह समय रहते रुकवा दिया गया। जहां नाबालिग लड़के और लड़की की शादी की तैयारियां चल रही थीं।
जानकारी के अनुसार पूरा मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र के चिमनी भट्ठा बस्ती का है। बस्ती में 15 वर्षीय लड़के और 13 वर्षीय लड़की का विवाह तय किया गया था। इसकी सूचना मिलते ही महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम और मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल हस्तक्षेप किया।
अधिकारियों ने दोनों परिवारों को बाल विवाह निषेध कानून के प्रावधानों, इसके दुष्परिणामों और कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी। समझाइश के बाद परिजनों ने नाबालिग बच्चों का विवाह नहीं कराने का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद शादी की प्रक्रिया तत्काल रोक दी गई।
विभाग की टीम ने परिवार की काउंसलिंग भी की और बच्चों की पढ़ाई जारी रखने पर जोर देते हुए उन्हें बालिग होने तक विवाह नहीं करने की हिदायत दी।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि बाल विवाह कानूनन अपराध है। भविष्य में यदि इस तरह की शिकायत सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं मानिकपुर चौकी पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट तैयार कर ली है और मामले पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि दोबारा बाल विवाह कराने की कोशिश न हो।
