कोरबा में दर्दनाक रेल हादसा: मोबाइल पर बात करते हुए ट्रैक पार कर रहा युवक मालगाड़ी की चपेट में आया, एक पैर कटा, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पवन टॉकीज रेलवे फाटक के पास रविवार रात एक गंभीर रेल हादसा हो गया। मोबाइल फोन पर बातचीत करते हुए रेलवे ट्रैक पार कर रहा 22 वर्षीय युवक तेज रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसे में युवक का एक पैर कट गया, जबकि उसके शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। घायल का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार बरमपुर निवासी रोशन पटेल (22) रेलवे लाइन पार कर रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में वह आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लोको पायलट ने लगातार हॉर्न बजाकर युवक को सतर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल पर व्यस्त होने के कारण वह चेतावनी नहीं सुन सका और हादसा हो गया।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल को संभाला और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस के जरिए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर युवक का मोबाइल जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ट्रैक पार करते समय बरती गई लापरवाही मानी जा रही है। परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

रेलवे सुरक्षा बल ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक पार करते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। थोड़ी-सी असावधानी भी जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए रेलवे लाइन केवल निर्धारित स्थान से और पूरी सतर्कता के साथ ही पार करें।

Share This Article