कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसमुड़ा कुदरीपारा में एक पति द्वारा पत्नी की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 20 जुलाई को सूचना मिली कि ग्राम भैंसमुड़ा कुदरीपारा में एक महिला की उसके पति द्वारा मारपीट किए जाने से मौत हो गई है। सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जांच में पता चला कि मृतिका अग्घन बाई धनवार और उसका पति परदेशी राम धनवार (41) वर्ष) पिछले कुछ दिनों से गांव में रह रहे थे। पति शराब पीने का आदी था और आए दिन पत्नी से विवाद व मारपीट करता था।
घटना वाली रात दोनों के बीच शराब पीने को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने घर में रखे बांस के डंडे से पत्नी के सिर और शरीर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी रातभर शव के पास बैठा रहा। सोमवार सुबह उसने ग्रामीणों को खुद घटना की जानकारी दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल उरगा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतिका के परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी पति शराब के नशे में आए दिन पत्नी से विवाद और मारपीट करता था। घटना वाली रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने बांस के डंडे से हमला कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद कर लिया है। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना उरगा पुलिस द्वारा की गई। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:-
1. परदेशी राम धनवार (41 वर्ष), निवासी मड़वारानी, वर्तमान निवासी ग्राम भैंसमुड़ा कुदरीपारा, थाना उरगा, जिला कोरबा।
