कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: इमारती लकड़ी के अवैध परिवहन और चोरी के मामले में कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त जांच में करीब 20.169 घन मीटर इमारती लकड़ी, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 9 लाख रुपये बताई गई है, बरामद की गई है। इसके साथ ही लकड़ी के परिवहन और लोडिंग में इस्तेमाल की गई एक क्रेन भी जब्त की गई है।
मामले की शुरुआत वन परिक्षेत्र अधिकारी की शिकायत से हुई थी। शिकायत में बताया गया था कि सीएसईबी रामपुर स्थित जूनियर क्लब के पास राजस्व क्षेत्र में अनुमति के तहत पेड़ों की कटाई का काम चल रहा था। निरीक्षण के दौरान सात पेड़ों से प्राप्त लकड़ी को बिना अनुमति के परिवहन किए जाने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद थाना सिविल लाइन रामपुर में अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना सिविल लाइन प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी आस्था शर्मा के नेतृत्व में जांच टीम बनाई गई।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, दस्तावेजों और लगातार की गई पड़ताल से पता चला कि लकड़ी को कोरबा से रायपुर-अभनपुर क्षेत्र तक ले जाया गया था। इसके बाद संयुक्त टीम की कार्रवाई में बड़ी मात्रा में लकड़ी और क्रेन बरामद की गई।
इस मामले में आरोपी सुनील कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन में धारा 303(2), 316(5) और 317(2) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अब पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद लकड़ी कहां से लाई गई थी, इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं और क्या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है।
कोरबा पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच निष्पक्ष और साक्ष्य के आधार पर की जा रही है। जांच में सामने आने वाले सभी दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी शासकीय या वन संपदा की अवैध कटाई, परिवहन या भंडारण की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस या संबंधित विभाग को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
