जुड़वा नवजातों की मौत पर हॉस्पिटल के बाहर परिजनों का जमकर हंगामा: हॉस्पिटल प्रबंधन के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  शहर के आयुष्मान हॉस्पिटल में भर्ती जुड़वा नवजातों की इलाज के दौरान हुई मौत के बाद सोमवार को परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन करते हुए इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार प्रसव के बाद दोनों नवजात पीलिया से पीड़ित हो गए थे, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा था। शनिवार रात एक नवजात की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत बिगड़ने पर उसे बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया। हालांकि रविवार शाम दूसरे नवजात ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

दोनों बच्चों की मौत से आक्रोशित परिजन सोमवार को आयुष्मान हॉस्पिटल पहुंचे और अस्पताल के बाहर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।

पीड़ित पक्ष के संदीप कुमार ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के कारण दोनों बच्चों की जान गई। उनका कहना है कि अस्पताल में कार्यरत कर्मचारियों की योग्यता और उपचार व्यवस्था की भी जांच होनी चाहिए। परिजनों ने 14 बिंदुओं पर विस्तृत एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी है।

शाम के समय नायब तहसीलदार दीपक पटेल भी अस्पताल पहुंचे। इस दौरान परिजनों ने उन्हें ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन ने समय पर सही जानकारी नहीं दी और इलाज में गंभीर लापरवाही बरती।

नायब तहसीलदार दीपक पटेल ने बताया कि परिजनों का ज्ञापन प्राप्त हो गया है। पूरे मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी जाएगी। उनके निर्देशानुसार जांच टीम गठित कर प्रकरण की विस्तृत जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों का कहना है कि जब तक निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होती, वे न्याय की मांग उठाते रहेंगे।

Share This Article