कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। खाने को लेकर हुए मामूली विवाद में बड़े भाई ने अपने छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत नामलेपरा गांव का है। जहां घर में खाना खाने को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान छोटे भाई मथुरा धनवार ने पत्नी को लगातार आवाज लगाई। इस बात से नाराज बड़े भाई कैलाश धनवार का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
आरोप है कि कैलाश ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और आंगन में बैठे मथुरा पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए हमले में मथुरा गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़ा।
घायल को अस्पताल ले जाया गया, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हमले के बाद परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल मथुरा धनवार को 108 एंबुलेंस की मदद से पौड़ी उपरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि अस्पताल में जांच के बाद ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी कैलाश धनवार मौके से फरार हो गया।
मृतक की पत्नी प्रमिला धनवार की शिकायत पर बांगो थाना पुलिस ने आरोपी कैलाश धनवार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
