कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसे देखते हुए जल संसाधन विभाग ने वर्षाकाल-2026 के लिए अलर्ट जारी करते हुए हसदेव नदी के किनारे बसे गांवों और औद्योगिक इकाइयों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जलस्तर निर्धारित सीमा तक पहुंचने पर बांध के गेट खोलकर पानी छोड़ा जा सकता है।
जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता एस.के. भारती ने बताया कि वर्तमान में बांगो जलाशय का जलस्तर 354.61 मीटर यानी 71.67 प्रतिशत क्षमता तक पहुंच चुका है। यदि जलस्तर 359.66 मीटर तक पहुंचता है, तो स्थिति के अनुसार बांध के गेट खोलकर हसदेव नदी में पानी छोड़ा जाएगा।

नदी किनारे के इन गांवों में मुनादी के निर्देश
संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए बांगो, चर्रा, पोड़ी उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, जूनापारा, तिलाईडांड, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा और सिरकीकला समेत हसदेव नदी के किनारे बसे गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।
संपत्ति सुरक्षित स्थान पर ले जाने की अपील
विभाग ने हसदेव नदी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों, खनिज खदानों, औद्योगिक इकाइयों और ठेकेदारों से अपनी चल-अचल संपत्तियों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने को कहा है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि अचानक आने वाली बाढ़ से होने वाले नुकसान के लिए विभाग जिम्मेदार नहीं होगा।
बिजली संयंत्रों को पानी की आपूर्ति सामान्य
जल संसाधन विभाग के अनुसार फिलहाल बांगो जलाशय से विद्युत संयंत्रों को पानी की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर परिस्थितियों के अनुसार आगे का निर्णय लिया जाएगा।
21 जुलाई तक जिले में 409.7 मिमी बारिश दर्ज
जिले में मानसून सक्रिय रहने के कारण 1 जून से 21 जुलाई के बीच 409.7 मिलीमीटर औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई है। सबसे अधिक 539.5 मिमी बारिश दर्री क्षेत्र में दर्ज हुई, जबकि सबसे कम 267.1 मिमी वर्षा करतला में हुई। इसके अलावा दीपका में 452 मिमी, पाली में 480.2 मिमी, पसान में 467.3 मिमी तथा कटघोरा और पोड़ी उपरोड़ा में 439-439 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
