SBI ग्राहक सेवा केंद्र का ताला तोड़कर चोरी: 35 हजार रुपये लेकर फरार हुआ चोर, CCTV में कैद हुई वारदात

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read


कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   जिले के दर्री थाना क्षेत्र में चोरी की एक वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जेलगांव चौक स्थित एक एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र (चॉइस सेंटर) में देर रात अज्ञात चोर ने धावा बोलते हुए लॉकर से करीब 35 हजार रुपये नकद पार कर दिए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।


जानकारी के मुताबिक चॉइस सेंटर संचालक अनूप दास दीवान मंगलवार रात रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। बुधवार सुबह जब वे सेंटर पहुंचे तो शटर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और लॉकर का ताला भी टूटा हुआ था। जांच करने पर उसमें रखी करीब 35 हजार रुपये की नकदी गायब मिली।


मुंह ढंककर पहुंचा चोर, कैमरे में कैद हुई पूरी करतूत
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक युवक मुंह पर कपड़ा बांधे नजर आ रहा है। फुटेज के अनुसार आरोपी पहले शटर का ताला तोड़ता है, फिर कुंडी उखाड़कर अंदर प्रवेश करता है और सीधे लॉकर को निशाना बनाता है। चोरी की पूरी वारदात कैमरे में कैद हो गई है।


मुख्य मार्ग पर वारदात, फिर भी नहीं लगा किसी को भनक
स्थानीय लोगों के अनुसार चॉइस सेंटर मुख्य सड़क किनारे स्थित है, जहां रात के समय भी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद चोर ने बेहद शातिराना तरीके से वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलने पर दर्री पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास जारी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article