कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मारपीट व शांति भंग करने के दो मामलों में 7 आरोपी गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोरबा पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली थाना क्षेत्र के मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र ने दो अलग-अलग मामलों में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पहला मामला मानिकपुर का है, जहां निवासी ओम प्रकाश लहरे ने 15 जुलाई को नितेश चौहान और आरिफ खान के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस के मुताबिक शिकायत के संबंध में जानकारी लेने पहुंचे ओम प्रकाश से आरोपी नितेश चौहान, आरिफ खान, फैजान खान उर्फ फिज्जू और अरुण चौहान ने दोबारा विवाद शुरू कर दिया। शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में आरिफ खान (21), अरुण चौहान (20), फैजान खान उर्फ फिज्जू (19) और नितेश चौहान (21) हैं। सभी रामनगर और मुड़ापार क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस/बीएनएसएस की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

दूसरा मामला न्यू रेलवे कॉलोनी का है। यहां रमुला यादव और शामीन बाई ने पुलिस को शिकायत दी कि देर रात दुर्गेश साहू (25), शैलेश खड़िया (24) और श्रवण कुमार पटेल (20) उनके घर के सामने हंगामा कर रहे थे। विरोध करने पर तीनों ने महिलाओं से विवाद किया और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

 

Share This Article