कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत कुदमुरा-कोसाबाड़ी के पास उरगा-हाटी मार्ग पर गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान राहुल टोप्पो और पोलेश कंवर, दोनों निवासी चचिया दर्रीपार, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक गांव के समीप स्थित पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उरगा-हाटी मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेलर की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क से काफी दूर जा गिरे। गंभीर चोटों के कारण दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और करतला थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फरार ट्रेलर चालक की तलाश के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
इधर यह हादसा ऐसे समय हुआ जब चचिया गांव में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा को लेकर उत्सव और मेले का माहौल था। दो युवकों की असामयिक मौत की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। उत्सव का माहौल देखते ही देखते मातम में बदल गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस का कहना है कि फरार ट्रेलर और उसके चालक की पहचान के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
