कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर के टीपी नगर स्थित एक किराए के कमरे में 24 वर्षीय युवक का शव फांसी के फंदे से लटकती हुई मिली है। वह शहर के एक सैलून में काम करता था। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रोहन उर्फ अमन श्रीवास (24 वर्ष) के रूप में हुई है जो बरपाली का निवासी था। रोहन टीपी नगर में किराए के कमरे में अकेले रहता था। वह Trendz Studio Salon में कार्यरत था। परिवार में वह माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी एक बहन भी है।
परिजनों ने बताया कि गुरुवार रात करीब 9 बजे रोहन की अपने पिता से सामान्य बातचीत हुई थी। इसके बाद रात करीब 2:30 बजे उसने दोबारा फोन किया। बातचीत के दौरान वह भावुक होकर रोने लगा और पिता से कहा कि उसकी मां उससे नाराज हैं। कुछ देर बातचीत के बाद उसने फोन काट दिया। शुक्रवार सुबह जब परिजनों ने कई बार कॉल किया तो रोहन ने फोन रिसीव नहीं किया। अनहोनी की आशंका होने पर परिवार के लोग उसके किराए के कमरे पहुंचे। कमरे का दरवाजा खोलने पर रोहन का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए हैं। फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी। पुलिस परिजनों, परिचितों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
