कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच कटघोरा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। पतरापाली नहर में बाइक समेत गिरने से 58 वर्षीय ग्रामीण रामसिंह की मौत हो गई। शनिवार को उनका शव नहर से बरामद होने के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के मुताबिक जेजरा बस्ती निवासी रामसिंह शुक्रवार शाम किसी काम से बाइक लेकर घर से निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
शनिवार दोपहर दोबारा खोजबीन के दौरान पतरापाली नहर किनारे उनकी बाइक पानी में गिरी हुई मिली। इसके बाद आसपास तलाश करने पर कुछ दूरी पर नहर में उनका शव तैरता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही डायल-112 और कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शुक्रवार रात अंधेरे और तेज बारिश के बीच नहर पार करते समय बाइक फिसल गई, जिससे रामसिंह तेज बहाव में बह गए।
लगातार बारिश से जिले के नदी-नाले उफान पर हैं और कई ग्रामीण रास्ते जलमग्न हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान तेज बहाव वाले रास्तों और नदी-नालों को पार करने से बचें तथा पूरी सतर्कता बरतें।
