गृह मंत्री और पुलिस पर कथित आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने वाला वन विभाग का कर्मचारी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने के मामले में कोरबा जिले की बांगो पुलिस ने कटघोरा वन मंडल के एक कर्मचारी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार 24 जुलाई को फेसबुक पर अपलोड किए गए एक वीडियो में स्वयं को वन विभाग का कर्मचारी बताने वाले शेखर सिंह रत्नाकर द्वारा दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए धरना-प्रदर्शन का हवाला देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री, पुलिस विभाग और शासन के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं।

वीडियो सामने आने के बाद भाजयुमो के पदाधिकारियों ने बांगो थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया कि इस तरह की टिप्पणियां सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल असर डाल सकती हैं, इसलिए मामले में सख्त कार्रवाई की जाए।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने वीडियो का तकनीकी परीक्षण और अन्य साक्ष्यों का सत्यापन किया। जांच के आधार पर आरोपी को बांकी मोंगरा क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि सरकारी कर्मचारी के रूप में अपनी पहचान के साथ इस तरह की कथित पोस्ट को गंभीरता से लिया गया है।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Share This Article