कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कटघोरा क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या का समाधान करते हुए जवाली खोलार नाला पुलिया का निर्माण महज तीन माह में पूरा कर लिया गया है। पुलिया के निर्माण से आसपास के ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूल और कॉलेज आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत मिली है।
बताया जा रहा है कि बरसात के दौरान नाले में पानी भर जाने से ग्रामीणों और विद्यार्थियों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। स्थानीय लोगों की मांग और समस्या को गंभीरता से लेते हुए कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने संबंधित विभाग से लगातार समन्वय कर निर्माण कार्य को प्राथमिकता दिलाई।
विधायक के प्रयासों के चलते पुलिया का निर्माण निर्धारित समय में पूरा हुआ, जिससे अब क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। ग्रामीणों ने पुलिया निर्माण पूरा होने पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण विकास कार्य बताया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पुलिया के बन जाने से बारिश के मौसम में होने वाली दिक्कतें काफी हद तक खत्म हो जाएंगी और विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होगी। वहीं, क्षेत्रवासियों ने इस कार्य के लिए विधायक प्रेमचंद पटेल के प्रयासों की सराहना की।
