कोरबा में जुआ फड़ पर पुलिस का बड़ा एक्शन: नदी किनारे सूने मकान में चल रहा था खेल, पुलिस ने 8 आरोपियों को रंगे हाथ दबोचा, देखें वीडियो…. 

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  शहर में अवैध जुआ के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाना क्षेत्र के फोकटपारा स्थित हसदेव नदी किनारे एक सूने मकान में संचालित जुआ फड़ का भंडाफोड़ किया है। साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश देकर मौके से आठ लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि बड़ी मात्रा में नकदी और जुआ खेलने का सामान जब्त किया गया।

पुलिस के अनुसार लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि नदी किनारे स्थित एक सुनसान मकान में नियमित रूप से जुआ खिलाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने रणनीति बनाकर टीम गठित की और अचानक छापा मारा। कार्रवाई इतनी तेज थी कि मौके पर मौजूद लोगों को भागने का मौका तक नहीं मिला।

रेड के दौरान पुलिस ने 1 लाख 40 हजार 500 रुपये नकद, ताश की गड्डियां और जुआ फड़ में इस्तेमाल किए जा रहे कई वाहन जब्त किए। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि फोकटपारा क्षेत्र में अवैध जुआ संचालित होने की सूचना पर यह कार्रवाई की गई। मौके से कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और नकदी सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में समीर खान, अनवर खान, हुसैन खान, अब्दुल रशीद, अमरसिंह, दिनेश केशरवानी और मोहम्मद असरफ शामिल हैं। सभी आरोपी कोरबा की पुरानी बस्ती और आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

Share This Article