दुर्ग में शराब पार्टी के बाद युवक की मौत, गर्लफ्रेंड से विवाद के बाद छत पर मिला बेसुध

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

दुर्ग/सीजी एनएन 24 न्यूज:  दुर्ग में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला उलझ गया है। सोमवार रात गर्लफ्रेंड के घर हुई शराब पार्टी के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके कुछ देर बाद युवक घर की छत पर बेसुध मिला। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस अब मौत की असली वजह जानने के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

मामला अंजोरा चौकी क्षेत्र का है। मृतक की पहचान 28 वर्षीय सिद्धांत दान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सिद्धांत की गर्लफ्रेंड अंजलीना तंवर नर्सिंग की छात्रा है। दोनों की शादी होने वाली थी।

पार्टी के दौरान हुआ विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक सिद्धांत सोमवार रात अंजलीना के घर पहुंचा था। उस समय वहां अंजलीना के अलावा उसकी सहेली निमिषा, उसका बॉयफ्रेंड गौरव और बोरसी की ग्रेसी भी मौजूद थे। सभी ने रात में साथ बैठकर शराब पी।

इसी दौरान सिद्धांत और अंजलीना के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सिद्धांत ने नशे की हालत में अंजलीना को गाली दी, जिसके बाद अंजलीना ने उसे थप्पड़ मार दिया।

विवाद के बाद सिद्धांत घर की छत पर चला गया। कुछ देर बाद अंजलीना उसे देखने के लिए छत पर पहुंची तो वह बेसुध हालत में पड़ा मिला।

CPR देने के बाद अस्पताल ले गए

सिद्धांत को होश में लाने के लिए अंजलीना ने प्रयास किया और CPR भी दी, लेकिन उसकी तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद घर में मौजूद लोग उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जांच के बाद डॉक्टरों ने सिद्धांत को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मंगलवार सुबह करीब 5 बजे पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

पुलिस की शुरुआती जांच में कपल के बीच विवाद की बात सामने आई है, लेकिन विवाद के बाद सिद्धांत की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी साफ नहीं है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि छत पर जाने के बाद उसके साथ क्या हुआ।

मामले में पार्टी में मौजूद सभी लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस हर संभावित पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Share This Article