शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, मोबाइल बंद कर यूपी भागा था आरोपी, पुलिस ने दबोचकर भेजा जेल

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

जांजगीर-चांपा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  शादी का भरोसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में सिटी कोतवाली पुलिस ने उत्तर प्रदेश से एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुरेंद्र राजभर (24), पिता रामलाल राजभर, निवासी आजमगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पीड़िता और आरोपी की पहचान काम के दौरान हुई थी। परिचय बढ़ने के बाद दोनों के बीच बातचीत और नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने युवती से शादी करने का भरोसा दिलाया और उसकी इच्छा के विरुद्ध उसके साथ दुष्कर्म किया।

घटना के बाद पीड़िता अपने घर लौट आई थी। कुछ समय बाद आरोपी फिर जांजगीर-चांपा पहुंचा और युवती को मिलने के लिए बुलाया। पुलिस के अनुसार, इस दौरान भी आरोपी ने शादी का भरोसा दिया और पीड़िता के विरोध के बावजूद उसके साथ जबरदस्ती की।

पीड़िता ने जब आरोपी से शादी करने के लिए कहा तो वह कथित तौर पर लगातार टालमटोल करने लगा। इसके बाद उसने मोबाइल बंद कर लिया और उत्तर प्रदेश चला गया। आरोपी के इस तरह संपर्क से बाहर होने के बाद पीड़िता ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी के उत्तर प्रदेश स्थित ठिकाने की जानकारी जुटाई और वहां दबिश देकर उसे पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में पुलिस आगे की विवेचना कर रही है।

Share This Article