स्कूल-कॉलेजों के 100 मीटर दायरे में तंबाकू बेचने वालों पर होगी कार्रवाई, निगम ने बनाई जोनवार टीमें

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए नगर पालिक निगम कोरबा अब नियमित जांच अभियान चलाएगा। स्कूल-कॉलेजों से 100 मीटर के दायरे में संचालित दुकानों और गुमठियों की निगरानी के लिए निगम ने जोनवार टीमों का गठन किया है।

अभियान की जिम्मेदारी निगम के अपर आयुक्त पवन वर्मा को सौंपी गई है। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने उन्हें कार्रवाई की निगरानी करने और प्रतिदिन की कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

दुकानों और गुमठियों पर रहेगी नजर

निगम की टीमें अपने-अपने जोन में शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नियमित निरीक्षण करेंगी। इस दौरान दुकानों और गुमठियों में बीड़ी, सिगरेट, गुटखा और अन्य तंबाकू उत्पादों की बिक्री की जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

जोनवार टीमों में सहायक अभियंता, उप जोन प्रभारी, स्वच्छता निरीक्षक और संबंधित वार्डों के नोडल अधिकारी शामिल किए गए हैं। जरूरत के मुताबिक स्वास्थ्य, खाद्य और शिक्षा विभाग से भी समन्वय किया जाएगा।

रोजाना देनी होगी कार्रवाई की रिपोर्ट

आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अभियान केवल औपचारिक निरीक्षण तक सीमित न रहे, बल्कि नियमित रूप से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक दिन की गई जांच और कार्रवाई का पालन प्रतिवेदन भी प्रस्तुत करना होगा।

निगम का कहना है कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की उपलब्धता रोकना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। इसके तहत आने वाले दिनों में स्कूल-कॉलेजों के आसपास स्थित दुकानों और गुमठियों की लगातार निगरानी की जाएगी।

Share This Article