कोरबा/रतनपुर: महिला झपटमार गैंग से जुड़े सोने की खरीद-फरोख्त के मामले में रतनपुर पुलिस ने कोरबा जिले के कटघोरा से एक सोनार को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि पकड़ा गया आरोपी झपटमारी से हासिल सोना खरीदता था। उसके कब्जे से करीब 67 ग्राम यानी लगभग 7 तोला गलाया हुआ सोना बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौतम दुबे (35 वर्ष), पिता राजेंद्र कुमार दुबे, निवासी मोहलाईनभाठा, कटघोरा, जिला कोरबा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

महिला झपटमारों से पूछताछ में सामने आया नाम
पुलिस के अनुसार कुछ दिन पहले एक यात्री बस को रोककर महिला झपटमार गैंग के सदस्यों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान पुलिस को झपटमारी से मिले सोने को खपाने वाले लोगों के संबंध में जानकारी मिली। इसी जांच में कटघोरा के सोनार गौतम दुबे का नाम सामने आया।
इसके बाद रतनपुर पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों की जानकारी जुटाई और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 67 ग्राम गला हुआ सोना बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
बसों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बनाती थीं निशाना
पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला गैंग कथित तौर पर बसों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यात्रियों को निशाना बनाती थी। महिलाएं मौका देखकर सोने की चेन और मंगलसूत्र झपटकर फरार हो जाती थीं।
जांच के दौरान पुलिस को ऐसे मामलों की कड़ियां कोरबा से भी जुड़ती मिलीं। अब पुलिस झपटमारी से लेकर चोरी के सोने को गलाने और उसे बाजार में खपाने तक जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस कार्रवाई पर भी उठ रहे सवाल
इस पूरे मामले में कोरबा में हुई झपटमारी की घटनाओं और पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि रतनपुर पुलिस की जांच में झपटमार गैंग और सोने के खरीदार के बीच कथित कनेक्शन सामने आने के बाद मामले की परतें खुलती नजर आ रही हैं।
रतनपुर थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय और प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह की भूमिका इस कार्रवाई में अहम रही। पुलिस अब बरामद सोने के स्रोत और आरोपी के गैंग से कथित लेन-देन की जानकारी जुटाने में लगी है।
