कोरबा में दर्दनाक हादसा: खुले कुएं में गिरने से 3 साल के मासूम की मौत, परिजनों में पसरा मातम

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र की पुरानी बस्ती दादर में एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। वार्ड क्रमांक 34 में घर के पास खेल रहा तीन वर्षीय मासूम अभियांस पटेल अचानक कुएं में जा गिरा। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जा रहा है कि अभियांस घर के पास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह बाड़ी की ओर चला गया। इसी दौरान वह खुले कुएं के पास पहुंचा और अचानक संतुलन बिगड़ने से उसमें गिर गया। घटना के समय परिजन इस बात से अनजान थे कि बच्चा कुएं तक पहुंच गया है।

कुछ देर बाद जब अभियांस नजर नहीं आया तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। बाड़ी की तरफ जाने पर कुएं में बच्चा दिखाई दिया। परिजनों ने तत्काल उसे बाहर निकाला और इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बारिश के बाद बढ़ा था कुएं का जलस्तर

स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है। इसके चलते कुएं में पानी काफी बढ़ गया था। खुले कुएं के आसपास पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ।

अभियांस सतानंद पटेल का छोटा बेटा था। परिवार खेती-किसानी के साथ बाड़ी में सब्जियां उगाने का काम करता है। दो भाइयों में सबसे छोटा अभियांस आंगनबाड़ी जाता था। मासूम की मौत की खबर से परिवार और आसपास के लोगों में शोक का माहौल है।

Share This Article