कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को लेकर कोरबा पुलिस द्वारा जिलेभर में चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत शनिवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान करीब 3500 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को साइबर फ्रॉड से बचने के उपायों की जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के निर्देशन में आयोजित इन कार्यक्रमों में पुलिस टीमों ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों को UPI फ्रॉड, बैंकिंग फ्रॉड और अन्य साइबर अपराधों के संबंध में जागरूक किया।
स्कूलों में पहुंची पुलिस टीम
थाना सिविल लाइन क्षेत्र के निर्मला हायर सेकंडरी स्कूल एवं ब्लू बर्ड पब्लिक स्कूल, बांकीमोंगरा के स्वामी आत्मानंद स्कूल, कटघोरा क्षेत्र के DAV मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल जेंजरा, करतला के DAV मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल बड़मार, CSEB के गायत्री मंदिर स्कूल, कोतवाली क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला कोरबा तथा पाली के हाई स्कूल माखनपुर सहित विभिन्न संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समझाया कि OTP, UPI PIN, पासवर्ड और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। साथ ही संदिग्ध लिंक, फर्जी कॉल, अनजान APK फाइल और नकली वेबसाइट से सावधान रहने की अपील की गई।
ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराने के बजाय तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें या cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज कराएं। पुलिस के अनुसार समय पर शिकायत किए जाने से ठगी की रकम को रोकने की कार्रवाई में मदद मिल सकती है।
पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और साइबर अपराध के प्रति अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की है।
