कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में हाईवे पर खड़े भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह की सक्रियता ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि कठघोरा बायपास पर मंगलवार तड़के डीजल चोरी की कोशिश कर रहे आरोपियों की चाल उस वक्त नाकाम हो गई, जब ट्रेलर चालक ने हिम्मत दिखाते हुए उनकी स्कॉर्पियो को ही टक्कर मार दी। अचानक बिगड़ी स्थिति देखकर आरोपी अपना वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक कटघोरा थाना क्षेत्र के बायपास मार्ग पर तड़के सफेद रंग की स्कॉर्पियो से कुछ लोग पहुंचे थे। सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों को निशाना बनाकर डीजल निकालने की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान एक ट्रेलर से डीजल चोरी करते समय चालक की नजर आरोपियों पर पड़ गई।
चालक ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे डराने का प्रयास किया। लेकिन चालक पीछे हटने के बजाय ट्रेलर लेकर उनकी स्कॉर्पियो की ओर बढ़ गया और जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त हो गई। हालात बिगड़ते देख आरोपी मौके से भाग निकले और स्कॉर्पियो वहीं छोड़ गए।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
घटना पेट्रोल पंप के सामने लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है। घटना के बाद ट्रेलर चालक ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लावारिस हालत में खड़ी स्कॉर्पियो की जांच की। वाहन के अंदर से डीजल से भरे कई डिब्बे मिलने की बात सामने आई है।
स्कॉर्पियो नंबर से खुलेगा चोरों का राज
पुलिस अब CCTV फुटेज और बरामद स्कॉर्पियो के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं यही वाहन पहले हुई डीजल चोरी की वारदातों में तो इस्तेमाल नहीं हुआ।
हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
खदान क्षेत्रों में पुलिस की सख्ती बढ़ने के बाद हाईवे और बायपास पर भारी वाहनों से डीजल चोरी की घटनाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं। रात के समय सड़क किनारे खड़े ट्रेलर और अन्य भारी वाहन चोरों के निशाने पर बताए जा रहे हैं। ऐसे में पुलिस की रात्रि गश्त और हाईवे पर निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत महसूस की जा रही है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस CCTV फुटेज और बरामद वाहन के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। यदि जांच में किसी संगठित गिरोह का कनेक्शन सामने आता है, तो डीजल चोरी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
