कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में महिला की आत्महत्या के मामले की जांच के दौरान पुलिस को कथित प्रताड़ना से जुड़े अहम साक्ष्य मिले हैं। पुलिस ने मामले में मृतिका की बहू समेत उसके मायके पक्ष के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को लक्ष्मी बाई मानिकपुरी ने अपने घर में आत्महत्या कर ली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान घटनास्थल की दीवार पर मृतिका द्वारा लिखा गया एक सुसाइड नोट मिला। इसमें उसने अपनी बहू पूर्णिमा और उसके मायके पक्ष के लोगों पर परेशान करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने लेख की जांच कर पुष्टि की कि दीवार पर लिखा हुआ लेख मृतिका का ही था।
आत्महत्या से पहले बहनों को भेजा था वीडियो
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि मृतिका ने आत्महत्या से पहले अपनी बहनों को एक वीडियो भेजा था। पुलिस ने वीडियो को जब्त कर लिया। इसके अलावा मृतिका की बहनों, परिजनों और अन्य लोगों के बयान भी दर्ज किए गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतिका के पति की पहले मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद उसने दूसरी शादी की थी और वह अपने वर्तमान पति तथा उसके पूर्व विवाह से हुए बच्चों के साथ रह रही थी। पारिवारिक मामलों को लेकर घर में अक्सर विवाद होने की बात भी जांच में सामने आई।
परिजनों के अनुसार मृतिका की बहू पूर्णिमा और उसके मायके पक्ष के लोग कथित तौर पर घर आकर उसे घर से बाहर जाने के लिए दबाव बनाते थे। इससे वह काफी परेशान रहती थी। परिजनों ने पुलिस को यह भी बताया कि मृतिका इससे पहले भी परेशान होकर अपनी जान देने की कोशिश कर चुकी थी।
सुसाइड नोट और वीडियो के आधार पर मामला दर्ज
पुलिस ने सुसाइड नोट, आत्महत्या से पहले भेजे गए वीडियो और परिजनों के बयानों समेत अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 724/2026 दर्ज किया। मामले में धारा 108 और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने मामले में 1)पूर्णिमा महंत (24), निवासी लक्ष्मण तालाब, 2) सुमेरन बाई (45), निवासी सोहागपुर, थाना उरगा, 3) मिलन दास (55), निवासी सोहागपुर, थाना उरगा, को गिरफ्तार किया।
तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और सामने आने वाले अन्य तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
