मुड़ापार पेट्रोल पंप की पानी टंकी में मिला कर्मचारी का शव, मचा हड़कंप, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के मुड़ापार स्थित आरजी पेट्रोल पंप में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ड्यूटी पर तैनात एक कर्मचारी का शव पंप परिसर की पानी की टंकी में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 39 वर्षीय ओम प्रकाश यादव के रूप में हुई है। वह राताखार में रहता था और मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले का निवासी था। बताया जा रहा है कि ओम प्रकाश पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डालने का काम करता था और दूसरी शिफ्ट में ड्यूटी करने पहुंचा था।

ड्यूटी के दौरान ओम प्रकाश अचानक नजर नहीं आया। काफी देर तक उसके नहीं मिलने पर साथी कर्मचारी ने पंप संचालक को जानकारी दी। इसके बाद तलाश शुरू की गई, जिसमें पेट्रोल टंकी के पास स्थित पानी की टंकी में उसका शव मिला।

बताया जा रहा है कि टंकी के पानी में पेट्रोल मिला हुआ था और शव से भी पेट्रोल की तेज गंध आ रही थी। हालांकि, पेट्रोल टंकी में कैसे पहुंचा और कर्मचारी पानी की टंकी तक किस परिस्थिति में पहुंचा, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

सूचना पर मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

पुलिस के मुताबिक मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल डूबने की आशंका जताई जा रही है। पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Share This Article