कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में सड़क सुरक्षा के दावों के बीच तेज रफ्तार वाहनों और अंधेरी सड़कों का खतरा एक बार फिर सामने आया है। उरगा थाना क्षेत्र के खेरभावना गांव के पास सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कार चालक वाहन समेत फरार हो गया।
मृतक की पहचान 47 वर्षीय सुरेंद्र सिंह कंवर के रूप में हुई है। वह कनबेरी गांव के निवासी थे। बताया जा रहा है कि सुरेंद्र कोरबा में अपना काम खत्म करने के बाद साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान खेरभावना के पास पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
शव सड़क पर रखकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर करीब दो घंटे तक चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को मुआवजा देने के साथ खेरभावना मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग उठाई। चक्का जाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित रहा।
पुलिस के आश्वासन के बाद खत्म हुआ जाम
स्थिति को देखते हुए उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से चर्चा की। पुलिस की ओर से तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया और सड़क पर यातायात बहाल हो सका।
ग्रामीण बोले- अंधेरा बना हादसों की वजह
ग्रामीणों का कहना है कि खेरभावना के पास सड़क पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं है। रात के समय पूरा इलाका अंधेरे में डूबा रहता है, जिससे तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क किनारे जल्द स्ट्रीट लाइट लगाने और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
CCTV फुटेज से कार की तलाश
घटना की सूचना मिलने पर उरगा थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद फरार कार चालक की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
थाना प्रभारी नवीन पटेल के मुताबिक अज्ञात कार चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है और उसकी तलाश की जा रही है।
