चलती मालगाड़ी पर पथराव: लोको पायलट के सिर में लगा पत्थर; फूटा इंजन का कांच, मचा हड़कंप

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/दीपका:  कोरबा जिले दीपका थाना क्षेत्र में चलती मालगाड़ी को निशाना बनाकर किए गए पथराव की घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गेवरा खदान की ओर जा रही मालगाड़ी के इंजन पर अचानक पत्थरबाजी शुरू हो गई। इस दौरान इंजन का कांच टूट गया और एक पत्थर लोको पायलट के सिर पर जा लगा। हादसे में लोको पायलट सुनील कुमार घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि कोरबा रेलवे कॉलोनी निवासी लोको पायलट सुनील कुमार मालगाड़ी लेकर गेवरा खदान की ओर रवाना हुए थे। मालगाड़ी दीपका रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक पहुंची ही थी कि अज्ञात लोगों ने इंजन की तरफ पत्थर फेंकना शुरू कर दिया।

अचानक हुए पथराव से लोको पायलट को संभलने का मौका तक नहीं मिला। एक पत्थर इंजन के दरवाजे के कांच को तोड़ते हुए उनके सिर से जा टकराया। चोट लगने के बाद उनके सिर से खून बहने लगा। स्थिति को देखते हुए मालगाड़ी को तत्काल रोकना पड़ा।

अधिकारियों को दी सूचना, अस्पताल पहुंचाया गया

घटना के बाद लोको पायलट ने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायल लोको पायलट को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।

पथराव के कारण मालगाड़ी कुछ समय तक रेलवे ट्रैक पर खड़ी रही, जिससे रेल संचालन भी प्रभावित हुआ। घटना की गंभीरता को देखते हुए रेलवे प्रशासन और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पथराव करने वालों की पहचान के लिए रेलवे क्रॉसिंग और आसपास के इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। दीपका पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

ट्रेनों पर पथराव से बढ़ रहा खतरा

रेलवे कर्मचारियों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि चलती ट्रेन पर पथराव महज शरारत नहीं, बल्कि लोको पायलट और ट्रेन में मौजूद कर्मचारियों की जिंदगी को सीधे खतरे में डालने वाला कृत्य है।

उन्होंने पुलिस और रेलवे प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने तथा रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Share This Article