कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा में नशे में धुत एक शराबी युवक के उत्पात मचाने की ख़बर सामने आई है जहां शराबी युवक ने एक-एक कर कई घरों के ऊपर चढ़कर उत्पात मचाया है। इस घटना की सूचना बस्ती वालों ने पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद शराबी युवक को नीचे उतर गया।
वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि एक झोपड़ीनुमा घर के ऊपर युवक चढ़ा। इसके बाद और भी जुड़े घरों के ऊपर चढ़कर अचानक दौड़ लगाने लगा। इस दौरान झोपड़ीनुमा घर का आधा छज्जा भरभरा कर नीचे गिर गया लेकिन युवक नीचे नहीं गिरा। आवाज सुनकर बस्ती के लोग घर के बाहर निकले, तो देखा कि शराब के नशे में धुत युवक एक के बाद एक घरों के छज्जे पर उछल-कूद मचाता रहा है। सभी मकान मालिक युवक की हरकत देख घर से बाहर निकल आए और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ऊपर चढ़कर युवक को नीचे उतरने का प्रयास किया, लेकिन युवक इधर-उधर भाग रहा था। काफी मशक्कत के बाद युवक पकड़ में आया उसे किसी तरह नीचे उतारा गया।
बताया जा रहा है कि मकान के ऊपर हाईटेंशन तार गया हुआ है, जिसमें विद्युत प्रवाह था। युवक हाई टेंशन तार की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। इस घटना लगभग आधा दर्जन मकान मालिकों को नुकसान हुआ है, जहां लोगों की शिकायत पर शराबी युवक के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है।
