कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर की बिजली व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। शनिवार को अलग-अलग इलाकों में शॉर्ट सर्किट की दो घटनाओं ने न सिर्फ बिजली आपूर्ति बाधित कर दी, बल्कि स्थानीय लोगों में दहशत और विभाग के प्रति नाराजगी भी बढ़ा दी। एक घटना मानिकपुर की उरांव बस्ती में लाइन बॉक्स में आग लगने की रही, जबकि दूसरी घटना दादर के दामाद मोहल्ला बस्ती में ट्रांसफार्मर में आग लगने की है।
मानिकपुर की उरांव बस्ती में बिजली के खंभे पर लगे लाइन बॉक्स में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क उठी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 15 मिनट तक बॉक्स से चिंगारियां निकलती रहीं और पटाखों जैसी तेज आवाजें आती रहीं। इससे आसपास के लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ देर बाद बिजली आपूर्ति स्वतः बंद हो गई, जिससे पूरा इलाका अंधेरे में डूब गया।
वहीं, शनिवार देर रात दादर के दामाद मोहल्ला बस्ती में लगे ट्रांसफार्मर में भी शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें देखकर स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद भी बिजली विभाग की टीम के देर से पहुंचने का आरोप लगाया गया। तब तक ट्रांसफार्मर को काफी नुकसान पहुंच चुका था। बाद में कर्मचारियों ने आग पर काबू पाकर मरम्मत कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कई बिजली खंभे जर्जर हालत में हैं, तार नीचे लटक रहे हैं और लाइन बॉक्स भी खराब स्थिति में हैं। इन समस्याओं की शिकायत कई बार बिजली विभाग और जनप्रतिनिधियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया।
