कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: पूजा सामग्री का विसर्जन करने पहुंची एक युवती के लिए कुछ ही सेकंड की लापरवाही भारी पड़ गई। कोतवाली थाना क्षेत्र के सुनालिया पुल पर पूजा सामग्री विसर्जन के दौरान उसके हाथ से iPhone फिसलकर नहर में जा गिरा। मोबाइल को बचाने के लिए आसपास मौजूद युवकों ने तुरंत पानी में उतरकर काफी देर तक तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
जानकारी के अनुसार एसईसीएल क्षेत्र की रहने वाली युवती पूजा-अर्चना के बाद सुनालिया पुल पर विसर्जन करने पहुंची थी। जैसे ही उसने पूजा सामग्री नहर में डाली, उसके हाथ में मौजूद iPhone भी अचानक फिसलकर तेज बहाव वाले पानी में समा गया।
मोबाइल गिरते ही मौके पर मौजूद 4 से 5 युवक बिना देर किए नहर में उतर गए और कई घंटों तक उसकी तलाश करते रहे। तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन मोबाइल का कोई सुराग नहीं मिल सका।
घटना की खबर फैलते ही पुल पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीर काफी देर तक नहर में चल रही तलाश को देखते रहे, जिससे कुछ समय के लिए पुल पर यातायात भी प्रभावित हुआ। बताया जा रहा है कि युवती ने मोबाइल गुम होने की सूचना पुलिस को भी दे दी है। फिलहाल iPhone का कोई पता नहीं चल पाया है।
