कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में सोमवार को सेनानी पेट्रोल पंप के पास हुए सड़क हादसे ने एक बार फिर हाईवे सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए। बिलासपुर से कोरबा आ रही यात्रियों से भरी यादव बस और सामने से आ रही बोलेरो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए जबकि बोलेरो सवार दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के समय बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे, जबकि बोलेरो में चार लोग यात्रा कर रहे थे। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े एक ट्रक के कारण सड़क संकरी हो गई थी। इसी दौरान सामने से आ रही बोलेरो को पास देने के प्रयास में बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और दोनों वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की तैयारी की गई। हादसे के कारण कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
