कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के मुड़पार स्थित कुआंभठा शराब दुकान में सोमवार को चखना के पैसे को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। शराब के नशे में धुत दो सगे भाइयों ने पहले दुकानदारों से मारपीट की, फिर सड़क पर उत्पात मचाते हुए पुलिस से भी अभद्रता कर डाली। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जबकि शराब दुकान में हुई मारपीट सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों युवक शराब पीने के बाद चखना सेंटर पहुंचे थे। चखना खाने के बाद जब दुकानदार ने भुगतान करने को कहा, तो उन्होंने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। इस दौरान एक युवक ने खुद को मंडल अध्यक्ष बताते हुए दुकानदारों पर धौंस जमाने की कोशिश की।
कुछ ही देर में उसने अपने भाई को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद दोनों ने मिलकर दुकानदारों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया गया, जिससे शराब दुकान परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों आरोपी फरार हो चुके थे। बाद में वे मुड़पार बाईपास होते हुए गुरुघासीदास चौक पहुंचे, जहां बीच सड़क पर कपड़े उतारकर हंगामा करने लगे।
पुलिस ने जब उन्हें समझाने का प्रयास किया तो दोनों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया और खुद को प्रभावशाली नेता बताते हुए बहस करने लगे। इस दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों, विक्की और विकास, को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां जमानत नहीं मिलने पर दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।
मंडल अध्यक्ष का रौब दिखाकर हंगामा: चखना दुकान में दो भाइयों ने लाठी-डंडों से किया मारपीट, पुलिस से की बदसलूकी, दोनों गिरफ्तार, देखें वीडियो….
