कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में होली पर अपने घर आए टीवी सीरियल के एक एक्टर के साथ कुछ लड़कों ने बदसलूकी की। फिर एक्टर के साथ मारपीट करते हुऐ उसे गटर में फेंक दिया। इतना ही नहीं लड़कों ने उसका भी वीडियो बनाया, और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। एक्टर ने इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की है, और कार्यवाही की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। जहां रामपुर वार्ड के बेगिनदभार निवासी आशीष मिश्रा टीवी एक्टर हैं। उन्होंने कई मराठी और हिंदी सीरियल में काम किया है। आशीष होली पर अपने घर आए थे। वह 25 मार्च को वह कहीं से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ लड़कों ने उनका रास्ता रोक लिया। आशीष ने बताया कि लड़कों ने ‘बुरा न मानो होली है’ कहते हुए उनको पकड़ लिया। आशीष ने मना किया तो लड़कों ने अपने अन्य दोस्तों को बुला लिया और जबरदस्ती गटर के पानी में फेंक दिया। इसके बाद लड़कों ने उन पर शराब की बोतलों से भी हमला किया। इसके चलते उन्हें चोटें आई हैं।
हमला करने वालों में शुभम और करण नाम के लड़के शामिल थे। लड़कों ने उनका वीडियो बनाया और इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद से वह मानसिक रूप से काफी परेशान हैं। आशीष ने बताया कि इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस में की थी, लेकिन 2 दिन बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। फिर उन्होंने उच्चाधिकारियों से शिकायत की, और दोषियों पर कड़ी कार्यवाही की मांग की है।

