बड़ा हादसा: 50 फीट खाई में गिरी मजदूरों से भरी बस, 15 की मौत, कई लोगों की हालत गंभीर
भिलाई/सीजी एनएन 24 न्यूज: कुम्हारी थाना क्षेत्र में केडिया डिस्टलरी कंपनी की कर्मचारियों से भरी बस मंगलवार रात 50 फीट गहरी खाई में गिर गई. इस घटना में 15 कर्मचारियों की मौत हो गई जबकि 15 घायल है. बस पोल से टकराकर खाई में पलट गई. एक्सीडेंट के बाद पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंची. तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है।

जानकारी के मुताबिक कुम्हारी के केडिया डिस्टलरी कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी 8 बजे छुट्टी होने के बाद बस में सवार होकर अपने घर जाने के लिए निकले. बस 200 मीटर आगे ही गई थी कि सड़क किनारे लगे पोल से टकरा कर खाई में जा पलटी. बस में करीब 30 से 35 कर्मचारी सवार थे. जिनमें 15 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में 3 महिलाएं भी शामिल है. 15 कर्मचारी घायल है जिनमें से 10 की हालत अब भी गंभीर बताई जा रही है।

बस एक्सीडेंट की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और एसडीआरएफ की टीम पहुंची. रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया. सभी घायलों को कुम्हारी के सरकारी अस्पताल भिजवाया गया. वहां से गंभीर घायलों को एम्स भेजा गया. जहां उनका इलाज चल रहा है।
पीएम मोदी ने हादसे पर जताया दुख
पीएम नरेंद्र मोदी ने भिलाई बस हादसे के बारे में एक्स पर लिखा-“छत्तीसगढ़ के दुर्ग में हुआ बस हादसा अत्यंत दुखद है. इसमें जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं. इसके साथ ही मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. राज्य सरकार की निगरानी में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है”।
